जफराबाद (जौनपुर)। क्षेत्र की एक महिला ने अपने साथ हुए लंबे समय से अनैतिक शोषण का मामला जफराबाद थाने में दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला का पति रोजगार के सिलसिले में मुम्बई में रहता है। इसी दौरान पास के एक गांव का युवक महिला के संपर्क में आया और उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। दोनों के बीच निजी संबंध भी बने, जिसका फायदा उठाकर आरोपी युवक ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बीते सात वर्षों से महिला का शोषण करता रहा।
इसे भी पढ़ें: जौनपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को तमंचा व कारतूस के साथ किया गया गिरफ्तार
हाल ही में महिला का पति मुम्बई से घर लौटा, तो पीड़िता ने अपने साथ हो रही इस घिनौनी हरकत की जानकारी उसे दी। इसके बाद दंपति ने मिलकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और शनिवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।